पूर्ण संख्याएँ एवं उनके गुण

पूर्ण संख्याएँ एवं पूर्ण संख्याओं पर संक्रियाएँ

रहीम के पास 100 पेज की एक कॉपी है जिसमें उसने 80 पेज पर गणित तथा 20 पेज पर विज्ञान का कार्य किया है। उसकी इस कॉपी में कितने पेज शेष बचे?

इस प्रश्न का जवाब देने के लिए गणना संख्या के साथ- साथ शून्य की भी आवश्यकता होगी।

वह संख्याओं का समूह जिसमें गणना संख्या के साथ शून्य भी शामिल है पूर्ण संख्या कहलाती है। पूर्ण संख्या को W से प्रदर्शित करते हैं। अर्थात्
पूर्ण संख्या (W) = 0,1,2,3,4,5, — , इत्यादि।


पूर्ण संख्याओं के गुण

  • प्राकृत संख्या के सभी गुण पूर्ण संख्याओं के लिए भी सही हैं।
  • सबसे छोटी पूर्ण संख्या 0 है।
  • संख्या रेखा पर 0 से दाहिने ओर क्रमशः पूर्ण संख्या बढ़ते क्रम में दिखायी गयी है। अर्थात् 0+1 = 1,1+1 =2, … , 101 + 1 = 102, 102 + 1 = 103, 103 + 1 = 104, … , इत्यादि।
  • संख्या रेखा पर दाहिने ओर से बाँए ओर का क्रम घटते क्रम में है, जैसे ….. 4,3,2,1,0
  • सबसे बड़ी पूर्ण संख्या नहीं दिखाई जा सकती। क्योंकि यदि आप कोई बड़ी से बड़ी संख्या सोचते हैं तो उसमें एक जोड़ कर उसकी अगली बड़ी संख्या प्राप्त की जा सकती है। जो उस संख्या की परवर्ती संख्या होगी।

50 की पूर्ववर्ती संख्या 49 है 17 की पूर्ववर्ती संख्या 16 है। क्या शून्य की भी पूर्ववर्ती संख्या होगी?

रामू की माँ ने रामू को 5 लड्डू दिए। रामू ने 2 लड्डू मोहन को खिला दिये और 3 रामू ने खा लिये। अब रामू के पास कितने लड्डू बचे?